नई भूमिकाओं, ओटीटी और महिला सशक्तीकरण पर खुलकर की बात; फिल्म ‘प्रताप’ में पूनम के किरदार को बताया खास
अभिनेत्री ईशा देओल एक बार फिर फिल्म ‘प्रताप’ के जरिए दर्शकों के सामने एक अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में वह पूनम नाम की महिला का किरदार निभा रही हैं, जिसकी जिंदगी उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। एक पत्नी और मां के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाने वाली पूनम परिस्थितियां बदलने पर अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानती है। ईशा देओल का कहना है कि वह अब ऐसे किरदार निभाना चाहती हैं, जिनमें भावनात्मक गहराई हो और जो महिलाओं को अपनी ताकत का एहसास कराएं। फिल्म, अपने किरदार, बदलते सिनेमा, ओटीटी और सोशल मीडिया पर कलाकारों की ट्रोलिंग जैसे मुद्दों पर अभिनेत्री ईशा देओल से वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र कुमार ने की खास बातचीत। प्रस्तुत है बातचीत का अंश ...
सवाल: फिल्म ‘प्रताप’ का हिस्सा बनने की सबसे बड़ी वजह क्या रही?
ईशा देओल: मुझे काम करना बहुत पसंद है। मैं उन लोगों में से हूं, जिन्हें अपनी खुशी के लिए लगातार कुछ न कुछ करते रहना जरूरी लगता है। इस फिल्म में मेरा किरदार काफी खूबसूरत है। यह एक पत्नी और मां की कहानी है। मुझे लगा कि इस किरदार के जरिए महिलाओं से जुड़ने और उन्हें एक संदेश देने का मौका मिलेगा।
सवाल: पूनम का किरदार आपके अब तक के किरदारों से कितना अलग है?
ईशा देओल: पूनम एक ऐसी महिला है, जिसकी पूरी दुनिया उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। वह अपने पति और बच्चे का ख्याल रखती है। लेकिन जब उसकी जिंदगी में परिस्थितियां बदलती हैं, तो उसे खुद को नए सिरे से समझना पड़ता है। मुझे इस किरदार की यही बात बहुत अच्छी लगी। यह दिखाता है कि हर महिला के भीतर अपनी परिस्थितियों से लड़ने और आगे बढ़ने की ताकत होती है।
सवाल: आपकी पिछली फिल्मों में दर्शकों ने आपको ग्लैमरस भूमिकाओं में खूब पसंद किया। क्या अब आप अपनी छवि बदलना चाहती हैं?
ईशा देओल: मैं अपनी पुरानी छवि से बिल्कुल इनकार नहीं करती। दर्शकों ने मुझे 'धूम' की दिलबरा और धूम गर्ल के रूप में जो प्यार दिया है, वह मेरे लिए बहुत खास है। मैं उस पहचान को गर्व से स्वीकार करती हूं। लेकिन एक कलाकार के तौर पर मैं अलग-अलग तरह के किरदार भी निभाना चाहती हूं। उम्र और अनुभव के साथ आपकी पसंद और समझ में बदलाव आता है। अब मुझे ऐसे किरदार आकर्षित करते हैं, जिनमें भावनात्मक गहराई हो।
सवाल: क्या आप चाहती हैं कि महिला दर्शक भी आपके किरदारों से खुद को जोड़ सकें?
ईशा देओल: बिल्कुल। दर्शकों ने मुझे ग्लैमरस भूमिकाओं में खूब प्यार दिया है। लेकिन एक महिला होने के नाते मैं महिला दर्शकों से भी जुड़ना चाहती हूं। मैं चाहती हूं कि वे मेरे किरदारों में खुद को देखें। उन्हें लगे कि उनके भीतर भी बहुत ताकत है और वे अपनी जिंदगी के फैसले खुद ले सकती हैं।
सवाल: आज की अभिनेत्रियों और महिला प्रधान फिल्मों को किस नजरिए से देखती हैं?
ईशा देओल: आज की अभिनेत्रियां बहुत प्रतिभाशाली हैं। उनके पास काम करने के लिए कई तरह की कहानियां और भूमिकाएं हैं। मुझे अच्छा लगता है कि अब महिलाओं को केंद्र में रखकर भी फिल्में बनाई जा रही हैं। यह सिनेमा में आया एक सकारात्मक बदलाव है।
सवाल: क्या आप ओटीटी पर भी काम करना चाहेंगी?
ईशा देओल: क्यों नहीं! ओटीटी ने कलाकारों के लिए नए अवसर खोले हैं। यहां अलग तरह की कहानियां और किरदार देखने को मिलते हैं। मेरे लिए माध्यम से ज्यादा महत्वपूर्ण कहानी है।
सवाल: आने वाले समय में किस तरह की भूमिकाएं करना चाहेंगी?
ईशा देओल: मैं ऐसे किरदार करना चाहूंगी, जो मजबूत हों और जिनमें भावनात्मक गहराई हो। मैं चाहती हूं कि दर्शक मुझे अलग-अलग भूमिकाओं में देखें।
सवाल: अमित साध के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
ईशा देओल: अमित के साथ काम करना बहुत अच्छा अनुभव रहा। जब मैं उन्हें कैमरे के सामने देखती थी, तो मुझे उनके किरदार प्रताप में पूरी तरह डूबे हुए नजर आते थे। उन्होंने अपने अभिनय से इस किरदार को बहुत खूबसूरती से निभाया है। मुझे लगता है कि पूनम के किरदार को जिस तरह मैंने निभाया है, उसमें अमित के साथ काम करने का भी योगदान है।
सवाल: फिल्म ‘प्रताप’ में पुलिस अधिकारी के परिवार की जिंदगी को भी दिखाया गया है। इस पहलू को कितना महत्वपूर्ण मानती हैं?
ईशा देओल: मुझे लगता है कि अक्सर पुलिस अधिकारियों की कहानियों में उनके काम और जिम्मेदारियों को दिखाया जाता है, लेकिन उनके परिवार की जिंदगी पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता। एक पुलिस अधिकारी के पीछे भी उसका परिवार होता है। उसकी पत्नी और बच्चे भी कई तरह की परिस्थितियों से गुजरते हैं। ‘प्रताप’ में उस पक्ष को भी दिखाने की कोशिश की गई है।
सवाल: आप पुलिस विभाग के बारे में क्या सोचती हैं?
ईशा देओल: पुलिसकर्मी हमारी सुरक्षा के लिए दिन-रात काम करते हैं। कई बार उन्हें बहुत कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। वे भी इंसान हैं और उनका भी परिवार है। हमें उनके काम और जिम्मेदारियों का सम्मान करना चाहिए। मैं भारतीय पुलिस के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहूंगी।
सवाल: आज सोशल मीडिया पर कलाकारों को काफी ट्रोल किया जाता है। आप इस स्थिति को किस तरह देखती हैं?
ईशा देओल: मुझे लगता है कि सोशल मीडिया पर होने वाली हर चीज की जिम्मेदारी सिर्फ उस व्यक्ति की नहीं होती, जो तस्वीर खींच रहा है। कई बार उसके पीछे एजेंसियां और दूसरे लोग भी होते हैं, जो इस तरह की चीजों को बढ़ावा देते हैं। हमें इसकी जड़ को समझना होगा। हमारे सीनियर कलाकारों ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को बहुत कुछ दिया है। उनका सम्मान किया जाना चाहिए।
सवाल: आपकी मां हेमा मालिनी को भी कई बार सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। आपको कैसा लगता है?
ईशा देओल: मुझे लगता है कि हर व्यक्ति को सम्मान मिलना चाहिए। खासकर उन लोगों को, जिन्होंने अपनी पूरी जिंदगी सिनेमा को समर्पित कर दी। कलाकारों के साथ बातचीत और मजाक अपनी जगह है, लेकिन एक सीमा और सम्मान होना जरूरी है।
सवाल: ‘प्रताप’ देखने के बाद दर्शक क्या संदेश लेकर सिनेमाघरों से बाहर निकलें, ऐसा चाहती हैं?
ईशा देओल: मैं चाहती हूं कि दर्शक फिल्म देखते हुए इसके किरदारों और उनकी भावनाओं से जुड़ें। यह सिर्फ एक पुलिस अधिकारी की कहानी नहीं है, बल्कि परिवार, रिश्तों, भरोसे और एक महिला की आंतरिक शक्ति की कहानी भी है। उम्मीद है कि दर्शकों को पूनम का किरदार पसंद आएगा।
सवाल: अपने प्रशंसकों से क्या कहना चाहेंगी?
ईशा देओल: मैं अपने प्रशंसकों की हमेशा आभारी हूं। उन्होंने हर दौर में मुझे प्यार दिया है। उम्मीद करती हूं कि आगे भी मेरा काम उन्हें पसंद आएगा और उनका प्यार इसी तरह बना रहेगा।
Scan & Donate >





