टेलीविजन पर दिलचस्प कहानियां पेश करने के लिए पहचाने जाने वाले निर्माता प्रतीक शर्मा ने अपने शो ‘ओ हमनवा! तुम देना साथ मेरा’ के ऑफ-एयर होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। शो के बंद होने की खबरों के बीच अब यह साफ हो गया है कि यह शो ऑफ-एयर नहीं हो रहा है। आने वाले एपिसोड में दर्शकों को और भी ज्यादा ड्रामा और नए ट्विस्ट देखने को मिलेंगे।
प्रतीक शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्ट साझा करते हुए शो के बंद होने की अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “जिसने भी हमारी कहानी का अंत लिख दिया, वह शायद हमारे राइटर्स से पूछना भूल गया!” इस पोस्ट के जरिए उन्होंने दर्शकों को भरोसा दिलाया कि शो जारी रहेगा। पोस्ट में आगे लिखा था, “‘ओ हमनवा! तुम देना साथ मेरा’ ऑफ-एयर नहीं हो रहा है, हम बस ड्रामा बढ़ा रहे हैं!”
इस पोस्ट में आने वाले समय में कुछ खास होने का भी संकेत दिया गया, जिससे दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। पोस्ट में आगे लिखा था, “और यकीन मानिए, कुछ बेहद रोमांचक होने वाला है! जुड़े रहिए, क्योंकि अभी तो बहुत कुछ बाकी है!”
शो की मौजूदा कहानी में भी कई दिलचस्प मोड़ देखने को मिल रहे हैं। अपराजिता और रक्षित जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं, जिससे उनकी जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। वहीं, सुधा ने अपनी चतुर चाल चलकर कहानी में एक नया मोड़ ला दिया है। ऐसे में आने वाले एपिसोड में रिश्तों के बीच और भी उलझनें और टकराव देखने को मिल सकते हैं।
यह देखना दिलचस्प होगा कि सुधा की इस चाल का अपराजिता और रक्षित की जिंदगी पर क्या असर पड़ता है। एक ओर जहां यह जोड़ा अपने जीवन के नए सफर की शुरुआत करने जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सुधा की योजनाएं उनकी खुशियों में किस तरह बाधा डालेंगी, यह आने वाले एपिसोड में पता चलेगा।
प्रतीक शर्मा और पार्थ शाह के प्रोडक्शन हाउस स्टूडियो एलएसडी के बैनर तले बन रहे ‘ओ हमनवा! तुम देना साथ मेरा’ में रिश्तों, भावनाओं और अप्रत्याशित मोड़ों की कहानी दिखाई जा रही है। शो के निर्माताओं ने आने वाले एपिसोड में और ड्रामा व रोमांचक घटनाक्रम का वादा किया है, जिससे दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ सकती है।
फिलहाल, प्रतीक शर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट ने शो के ऑफ-एयर होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। साथ ही, आने वाले ट्विस्ट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ गई है। अब यह देखना होगा कि कहानी में आगे कौन-से नए मोड़ आते हैं और किरदारों की जिंदगी में क्या बदलाव होते हैं।
Scan & Donate >



