सेलेब्रिटी हेयरस्टाइलिस्ट और लग्जरी सैलून व स्पा चेन के मालिक फ्लोरियन ह्यूरेल का मानना है कि समय के साथ खूबसूरती को देखने का उनका नजरिया काफी बदल गया है। करियर की शुरुआत में वह बालों को परफेक्ट लुक देना सबसे जरूरी मानते थे, लेकिन आज उनके लिए खूबसूरती का मतलब कुछ और है। अब वह इस बात पर ज्यादा ध्यान देते हैं कि किसी इंसान पर क्या अच्छा लगता है और वह अपने लुक में कितना सहज महसूस करता है।
अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए फ्लोरियन कहते हैं, “जब मैंने अपना करियर शुरू किया था, तब मुझे लगता था कि खूबसूरत बालों का मतलब है एकदम परफेक्ट फिनिश, सही शेप, सही कलर और अच्छी फिनिशिंग। मुझे लगता था कि आप जितना परफेक्शन के करीब पहुंचेंगे, आपका काम उतना ही अच्छा होगा।”
हालांकि, अब उनका नजरिया बदल गया है। वह कहते हैं, “आज मुझे लगता है कि खूबसूरती का संबंध इस बात से ज्यादा है कि कोई हेयरस्टाइल उस इंसान पर कितना अच्छा लगता है, उसकी अपनी पहचान को कितना दिखाता है और वह उसे अपनाकर कैसा महसूस करता है। जरूरी नहीं कि जो हेयरस्टाइल तकनीकी रूप से परफेक्ट हो, वह हर किसी पर अच्छा भी लगे।”
फ्लोरियन के मुताबिक, यह बदलाव उन्हें समय और अनुभव के साथ आया है। उन्होंने समझा कि हर इंसान के बाल अलग होते हैं और उनकी अपनी खासियत होती है। वह कहते हैं, “समय के साथ मैंने सीखा है कि जिस तरह हर इंसान का स्वभाव अलग होता है, उसी तरह उसके बालों की भी अपनी खासियत होती है। बालों की बनावट, उनकी मोटाई, बढ़ने का तरीका, चेहरे का आकार, किसी का निजी स्टाइल और यहां तक कि वह अपने बालों पर कितना समय देना चाहता है, ये सभी बातें मायने रखती हैं। आप हर क्लाइंट के लिए खूबसूरती का एक ही पैमाना नहीं अपना सकते।”
फ्लोरियन का मानना है कि सिर्फ ट्रेंड के पीछे भागकर किसी के लुक को बदलना जरूरी नहीं है। कई बार किसी इंसान की असली खूबसूरती को समझना और उसे निखारना ही सबसे अच्छा काम होता है। वह कहते हैं, “कई बार आपका सबसे अच्छा काम किसी इंसान का पूरा लुक बदलना नहीं, बल्कि यह समझना होता है कि उस पर पहले से क्या अच्छा लगता है और उसे और खूबसूरती से कैसे निखारा जा सकता है। आज मेरे लिए खूबसूरती का मतलब परफेक्शन से ज्यादा अपनी असली पहचान को अपनाना है।”
समय के साथ फ्लोरियन के लिए अच्छे काम का मतलब भी बदल गया है। वह कहते हैं, “शुरुआत में सफलता का मतलब अक्सर किसी के लुक में साफ बदलाव देखना होता है। जैसे खूबसूरत हेयर कलर, शानदार हेयरकट या फिर क्लाइंट का आईने में खुद को देखकर खुश होना। ये पल आज भी मेरे लिए बहुत मायने रखते हैं, लेकिन अब अच्छे काम को देखने का मेरा नजरिया पहले से ज्यादा गहरा हो गया है।”
अब वह अपने काम की बारीकियों पर भी ध्यान देते हैं। फ्लोरियन कहते हैं, “मैं देखता हूं कि बालों की शेप संतुलित है या नहीं, कलर क्लाइंट के चेहरे और उसकी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ मेल खाता है या नहीं। मैं यह भी सोचता हूं कि बाल बढ़ने के बाद भी हेयरकट अच्छा लगेगा या नहीं और क्या मैंने बालों की सेहत को नुकसान पहुंचाए बिना मनचाहा लुक दिया है।”
फ्लोरियन का कहना है कि अनुभव बढ़ने के साथ वह अपने काम को लेकर पहले से ज्यादा गंभीर और बारीकी से सोचने लगे हैं। वह कहते हैं, “समय के साथ आप सिर्फ यह नहीं देखते कि आपने क्या अच्छा किया, बल्कि यह भी सोचते हैं कि क्या कुछ अलग तरीके से किया जा सकता था। मैंने यह भी सीखा है कि अपनी कमियों को पहचानना और हर समय अपने काम में कमी निकालते रहना एक ही बात नहीं है। एक समय ऐसा भी आना चाहिए, जब आप अपने काम की तारीफ करना सीखें और उससे संतुष्ट महसूस करें।”
Scan & Donate >


