पांच दशकों से अधिक समय से चली आ रही एक असाधारण संगीत विरासत का उत्सव मनाते हुए, 54वां ‘जय हो पंडित जसराज! पं. मोतीराम पं. मणिराम संगीत समारोह’ 24 से 30 नवंबर 2026 तक हैदराबाद के सीसीआरटी एम्फीथिएटर, माधापुर-कंडापुर रोड, हाईटेक सिटी में आयोजित किया जाएगा। पंडित जसराज कल्चरल फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव 150 से अधिक प्रतिष्ठित और युवा कलाकारों को एक मंच पर लाएगा, जहां दर्शकों को भारत की समृद्ध और विविध संगीत विरासत का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
हैदराबाद का सबसे पुराना संगीत महोत्सव माना जाने वाला यह समारोह, पंडित जसराज जी के भारतीय पारंपरिक संगीत को समावेशी और सभी के लिए सुलभ बनाने के दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है। समारोह के 54वें संस्करण को तेलंगाना सरकार के संस्कृति विभाग का सहयोग प्राप्त है।
यह महोत्सव अब भारत की विविध संगीत विरासत का सात दिवसीय उत्सव बन चुका है। इसमें हिंदुस्तानी और कर्नाटक शास्त्रीय संगीत, आध्यात्मिक-भक्ति संगीत, उप-शास्त्रीय संगीत, हवेली संगीत, सूफी-कव्वाली, ग़ज़ल, लोक संगीत, सिम्फनी, शास्त्रीय नृत्य और सुगम संगीत सहित विभिन्न विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी।
तेलंगाना के माननीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, श्री जुपल्ली कृष्णा राव गरु ने कहा, “तेलंगाना सरकार प्रतिष्ठित ‘जय हो पंडित जसराज! पं. मोतीराम पं. मणिराम संगीत समारोह’ को अपना निरंतर सहयोग देते हुए गौरवान्वित महसूस करती है। यह समारोह हमारी समृद्ध संगीत विरासत का उत्सव मनाने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। यह देखकर खुशी होती है कि दुर्गा जसराज और पंडित जसराज कल्चरल फाउंडेशन, पद्म विभूषण पंडित जसराज जी की गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।”
54वें संस्करण के बारे में बात करते हुए दुर्गा जसराज ने कहा, “यह एक ऐसी विरासत है, जो वास्तव में अद्वितीय है। इसे और भी खास बनाती है मेरे पिता की प्रतिबद्धता, जिसे हम आज भी आगे बढ़ा रहे हैं और उनके संगीत एवं दर्शन को जीवित रखे हुए हैं। वर्षों से यह महोत्सव भारतीय संगीत की हर विधा का उत्सव मनाने वाला एक मंच बन गया है, जहां स्थापित दिग्गज कलाकारों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। हमारा उद्देश्य इस विरासत को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाना और भारतीय संगीत को सभी के लिए सुलभ बनाए रखना है। हमारे लिए बापूजी की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाना एक जिम्मेदारी भी है और आशीर्वाद भी।”
महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण 30 नवंबर को आयोजित होने वाली समापन संध्या होगी, जो पंडित जसराज जी की वार्षिक संगीतमय प्रस्तुति को पुनः साकार करने के लिए समर्पित होगी। ‘8 प्रहर’ की अवधारणा पर आधारित इस विशेष प्रस्तुति में 45 से अधिक संगीतकारों का समूह शामिल होगा। इसमें 24 घंटों के विभिन्न रागों को लाइव सिम्फनी के साथ खूबसूरती से पिरोया जाएगा।
पंडित जसराज जी के संगीत की परिवर्तनकारी शक्ति में विश्वास को आगे बढ़ाते हुए, इस वर्ष महोत्सव में संगीत और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंधों को समझने के लिए एक विशेष पहल भी शुरू की जाएगी। पंडित जसराज जी के शिष्य डॉ. विजय साठे द्वारा प्रस्तुत इस सत्र में संगीत चिकित्सा के माध्यम से मरीजों और अस्पतालों के साथ 35 वर्षों से अधिक समय तक किए गए उनके कार्यों के अनुभव साझा किए जाएंगे। इस सत्र में बताया जाएगा कि किस तरह संगीत स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया में सहायता कर सकता है और समग्र कल्याण को बेहतर बनाने में योगदान दे सकता है।
हैदराबाद से बाहर भी इस महोत्सव की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए, इस वर्ष की प्रस्तुतियों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिससे भारत और दुनियाभर के संगीत प्रेमी इस सात दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बन सकेंगे।
Scan & Donate >

