बचपन के सपनों और मासूमियत की खूबसूरत कहानी है 'चिकीझिंग' - Manoranjan Metro


    मराठी सिनेमा में अक्सर ऐसी कहानियां देखने को मिलती हैं, जो बिना किसी बड़े शोर-शराबे के जिंदगी की छोटी-छोटी खुशियों और भावनाओं को खूबसूरती से पर्दे पर उतारती हैं। 'चिकीझिंग' भी एक ऐसी ही दिलचस्प कहानी नजर आती है, जो बचपन की मासूमियत, सपनों और उन्हें पूरा करने की जिद के इर्द-गिर्द घूमती है।

    फिल्म की कहानी चिक्या नाम के एक छोटे से बच्चे की है, जो एक पहाड़ी गांव में अपनी मां के साथ रहता है। उसकी मां एक बड़े रेजिडेंशियल स्कूल में काम करती है। आर्थिक तंगी के बावजूद चिक्या के सपने काफी बड़े हैं। मां के साथ स्कूल पहुंचने पर वहां की भव्यता और सुविधाएं देखकर उसके मन में भी उस स्कूल का हिस्सा बनने की इच्छा जागती है। यही इच्छा धीरे-धीरे उसके जीवन का सबसे बड़ा सपना बन जाती है। लेकिन इस सपने को पूरा करने का रास्ता इतना आसान नहीं है।

    फिल्म का ट्रेलर ग्रामीण परिवेश, बच्चों की शरारतों और उनके छोटे-छोटे सपनों को खूबसूरती से सामने रखता है। कहानी की सबसे खास बात इसका विषय है, क्योंकि यह सिर्फ एक बच्चे के स्कूल में दाखिला लेने की इच्छा नहीं, बल्कि उन परिस्थितियों की भी कहानी है, जिनके बीच एक बच्चा अपने सपनों को आकार देने की कोशिश करता है।

    बाल कलाकार कृष्णराज वाईंगडे ट्रेलर में चिक्या के किरदार में खास ध्यान आकर्षित करते हैं। उनकी मासूमियत और स्वाभाविक अंदाज कहानी के भावनात्मक पक्ष को मजबूत बनाते नजर आते हैं। वहीं प्रभाकर मोरे, सेजल कोरे, अमृता सुरेश और अन्य कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को और दिलचस्प बनाती है।

    राजेंद्र बगाटे और वैभव कुलकर्णी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी राजेंद्र बगाटे ने लिखी है, जबकि पटकथा और संवाद की जिम्मेदारी वैभव कुलकर्णी ने संभाली है। फिल्म का ग्रामीण परिवेश और प्राकृतिक लोकेशन इसकी कहानी के अनुरूप नजर आते हैं।

    'चिकीझिंग' की सबसे बड़ी खूबी इसका विषय है। आज के दौर में जहां बड़े बजट, एक्शन और भव्यता के बीच बच्चों की छोटी-छोटी भावनाओं पर आधारित कहानियां कम देखने को मिलती हैं, वहां यह फिल्म एक अलग तरह का सिनेमाई अनुभव देने की उम्मीद जगाती है। फिल्म का भावनात्मक पक्ष और चिक्या का संघर्ष दर्शकों को अपने बचपन और अधूरे सपनों की याद दिला सकता है। हम इस फिल्म को 5 में से 3.5 स्टार देते हैं। फिल्म का निर्माण सुप्रिया बगाटे ने किया है।

    Scan & Donate > 


     

    Previous Post Next Post