मुंबई। सिंगर, कंपोजर और वोकल अरेंजर थॉमसन एंड्रयूज एक बार फिर संगीतकार प्रीतम के साथ काम कर रहे हैं। ‘कॉकटेल 2’ के बाद यह दोनों की दूसरी साझेदारी है। इस बार थॉमसन प्रियदर्शन की आगामी फिल्म ‘हैवान’ के गाने ‘रंगियारा’ से जुड़े हैं। उन्होंने फिल्म के वर्जन के लिए अंग्रेजी लिरिक्स लिखने के साथ ही अंग्रेजी वोकल्स भी दिए हैं।
‘रंगियारा’ में थॉमसन का खास योगदान सैफ अली खान के किरदार से जुड़े एक दृश्य में है। इस सीन में सैफ फेरी राइड के दौरान गिटार बजाते हुए विदेशी कलाकारों के साथ गाना गाते नजर आएंगे। इसी हिस्से के लिए थॉमसन ने अंग्रेजी बोल लिखे और अपनी आवाज दी है।
प्रीतम के साथ दोबारा काम करने को लेकर थॉमसन एंड्रयूज ने कहा कि उनके साथ काम करना हमेशा शानदार अनुभव रहता है। उन्होंने कहा कि प्रीतम अपने साथ काम करने वाले कलाकारों पर भरोसा करते हैं और उन्हें अपनी रचनात्मकता दिखाने की पूरी आजादी देते हैं। थॉमसन के मुताबिक, इसी भरोसे से कलाकारों को कुछ नया करने और अपने अंदाज को संगीत में शामिल करने का आत्मविश्वास मिलता है।
थॉमसन ने बताया कि प्रीतम की वजह से उन्हें ‘हैवान’ के म्यूजिक डबिंग और सेशंस का हिस्सा बनने के साथ निर्देशक प्रियदर्शन के साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से जुड़ना और उसमें अपनी रचनात्मकता का योगदान देना उनके लिए खास है। उन्होंने प्रीतम द्वारा लगातार दिए जा रहे अवसरों और उन पर जताए गए भरोसे के लिए आभार व्यक्त किया।
सिंगिंग, कंपोजिंग, वोकल अरेंजमेंट और लिरिक्स के क्षेत्र में सक्रिय थॉमसन का कहना है कि उनके लिए संगीत कभी किसी एक भूमिका तक सीमित नहीं रहा। ‘रंगियारा’ ने उन्हें एक बार फिर कुछ अलग करने का अवसर दिया है और वह फिल्म के इस वर्जन को दर्शकों के सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
गणेश चतुर्थी पर ‘जय बप्पा मोरया’ भी लाएंगे थॉमसन
थॉमसन एंड्रयूज गणेश चतुर्थी के अवसर पर अपने नए म्यूजिक प्रोजेक्ट ‘जय बप्पा मोरया’ के साथ भी दर्शकों के बीच आने की तैयारी में हैं। यह गाना उनके ‘थॉमसन एंड्रयूज कलेक्टिव’ बैनर के तहत रिलीज होगा। गाने को थॉमसन एंड्रयूज ने कंपोज किया है, जबकि इसके लिरिक्स प्रसून गुप्ता ने लिखे हैं और म्यूजिक एड्रोइट ने दिया है। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों और राज्यों से जुड़े कई सिंगर्स अपनी आवाज देंगे।
Scan & Donate >
