कंटेंट की कमी को दूर करने के उद्देश्य से भारत का सबसे बड़ा क्षेत्रीय ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘स्टेज’ अब मराठी भाषा में भव्य अंदाज में लॉन्च हो चुका है।
स्टेज मराठी की आधिकारिक घोषणा अंधेरी स्थित वेदा कुंबा थिएटर में की गई। इस कार्यक्रम में स्टेज के सह-संस्थापक प्रवीण सिंघल, स्टेज ओटीटी मराठी कंटेंट हेड राजेश पाठक के साथ मराठी मनोरंजन जगत की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें अनंत महादेवन, चिन्मय मांडलेकर, क्षितिज दाते, श्रेया बुगडे, उर्मिला जगताप, पुष्कर जोग और निशा परुळेकर जैसे नाम शामिल थे। इस दौरान स्टेज मराठी पर आने वाले कई नए प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि स्टेज केवल एक ओटीटी प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि क्षेत्रीय मनोरंजन की दिशा में एक नई क्रांति है।
साल 2019 में शुरू हुआ स्टेज भारत का पहला बोली-आधारित ओटीटी प्लेटफॉर्म है। हरियाणवी, राजस्थानी, भोजपुरी और गुजराती भाषाओं में शानदार सफलता हासिल करने के बाद अब यह मंच करोड़ों मराठी भाषी दर्शकों तक उनकी अपनी भाषा और बोलियों में उच्च गुणवत्ता वाला पारिवारिक मनोरंजन पहुंचाने के लिए तैयार है।
Also Read : अयोध्या में दिल चीर के देख की शूटिंग देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़ - Manoranjan Metro
इस अवसर पर सह-संस्थापक प्रवीण सिंघल ने कहा कि उन्हें मराठी बाजार में प्रवेश करते हुए बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत में हर कुछ किलोमीटर पर भाषा और बोली बदल जाती है और लोग अपनी मातृभाषा में कही गई कहानियों से अधिक जुड़ाव महसूस करते हैं। उन्होंने बताया कि स्टेज की स्थापना भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के लिए कुछ सार्थक करने के उद्देश्य से की गई थी। अन्य भाषाओं में सफलता के बाद मराठी दर्शकों तक पहुंचना उनके लिए चुनौतीपूर्ण लेकिन बेहद संतोषजनक सफर रहा।
स्टेज मराठी कंटेंट हेड राजेश पाठक ने कहा कि महाराष्ट्र में 200 से अधिक बोलियां बोली जाती हैं, जिनमें खानदेशी, वरहाडी, कोंकणी, मालवणी, नागपुरी, सातारी, कोल्हापुरी और अहिराणी प्रमुख हैं। इन सभी बोलियों की अपनी अलग सांस्कृतिक, लोककला और नाट्य परंपराएं हैं, लेकिन इन्हें अब तक उचित मंच नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि स्टेज मराठी का उद्देश्य दर्शकों को इन विविध कलात्मक अभिव्यक्तियों से सीधे जोड़ना है।
