निखिल आडवाणी अभिनेता से क्या चाहते हैं, यह उन्हें अच्छी तरह पता है : पल्लवी चटर्जी

    मुंबई। अभिनेत्री पल्लवी चटर्जी हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘द रेवोल्यूशनरीज’ में बीना काकी की छोटी लेकिन अहम भूमिका में नजर आ रही हैं। संजीव सान्याल की पुस्तक ‘रिवोल्यूशनरीज : द अदर स्टोरी ऑफ हाउ इंडिया वॉन इट्स फ्रीडम’ पर आधारित इस सीरीज में काम करने का अनुभव पल्लवी के लिए खास रहा।

    पल्लवी ने बताया कि वह निर्देशक निखिल आडवाणी और एम्मे प्रोडक्शंस के साथ काम करना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में ओटीटी के क्षेत्र में इस टीम ने उल्लेखनीय काम किया है। बीना काकी का किरदार छोटा जरूर है, लेकिन कहानी में उसका महत्व है। भूमिका की तैयारी के लिए उन्होंने लुक टेस्ट दिया और कलाकारों के साथ संवाद का अभ्यास किया। उन्होंने अपने किरदार की भाषा, संवाद और हावभाव पर भी काम किया।

    अपने किरदार के बारे में पल्लवी ने बताया कि बीना काकी खुशमिजाज और स्वाभिमानी महिला है, जो अपनी भतीजी की शादी एक बड़े परिवार में कराने की कोशिश करती है। किरदार के माध्यम से वह यह भी जताना चाहती है कि उनका परिवार किसी से कम नहीं है।

    कोलकाता से ताल्लुक रखने वाली पल्लवी ने कहा कि बंगाल में पली-बढ़ी होने के कारण वह रासबिहारी बोस, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, बिनॉय-बादल-दिनेश और खुदीराम बोस जैसे क्रांतिकारियों की कहानियां बचपन से सुनती और पढ़ती आई हैं। उन्होंने बंगाली फिल्म ‘गुमनामी’ में भी सुभाष चंद्र बोस की मौसी की भूमिका निभाई थी। यही वजह है कि स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा यह विषय उनके लिए बेहद करीब है।

    निखिल आडवाणी के निर्देशन की तारीफ करते हुए पल्लवी ने कहा कि उन्हें पता होता है कि किसी कलाकार और दृश्य से उन्हें क्या चाहिए। वह एक ही दृश्य को बार-बार शूट कर समय और संसाधन बर्बाद नहीं करते। पल्लवी के मुताबिक, शूटिंग पूरी होने तक निर्देशक सेट से हटते नहीं हैं और अपने काम में पूरी तरह जुटे रहते हैं। उन्होंने इसे उनके समर्पण और काम के प्रति गंभीरता का उदाहरण बताया।

    ‘द रेवोल्यूशनरीज’ में प्रतिभा रांटा, भुवन बाम और रोहित सराफ सहित कई युवा कलाकार नजर आ रहे हैं। पल्लवी ने नई पीढ़ी के कलाकारों और रचनात्मक प्रतिभाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर की प्रतिभाओं के साथ काम करते हुए वह अपने पुराने अनुभवों से आगे बढ़कर नई चीजें सीखना चाहती हैं और आने वाले समय में अच्छे किरदारों तथा प्रतिभाशाली निर्देशकों, निर्माताओं और कलाकारों के साथ काम करने की उम्मीद रखती हैं।

    Scan & Donate > 


     

    Previous Post Next Post