अभिनेत्री अश्मिता बख्शी अपने अभिनय के एक नए पहलू को तलाशने के लिए तैयार हैं। वह नाटक शिव शक्ति: एक दिव्य प्रणय कथा के साथ कमर्शियल थिएटर में डेब्यू करने जा रही हैं। इस पौराणिक डांस ड्रामा में अश्मिता शक्ति, सती और पार्वती के तीन अलग-अलग रूपों में नजर आएंगी, जबकि कोरियोग्राफर संदीप सोपारकर तीनों युगों में भगवान शिव की भूमिका निभाएंगे। अश्मिता के लिए यह प्रोजेक्ट सिर्फ अभिनय का एक और मौका नहीं, बल्कि उनके करियर का एक अहम पड़ाव है।
इस नाटक से जुड़ने के अनुभव के बारे में बात करते हुए अश्मिता कहती हैं, “शिव शक्ति मेरे लिए बहुत खास है, क्योंकि यह मेरा पहला कमर्शियल नाटक है। इससे पहले मैंने एक्टिंग क्लास के दौरान दो नाटक किए थे, जहां मैंने अभिनय की बारीकियां सीखीं। उन नाटकों से भी थिएटर इंडस्ट्री के लोग जुड़े हुए थे, लेकिन यह नाटक मेरे लिए बिल्कुल अलग अनुभव है।”
इस नाटक में अश्मिता को देवी के तीन अलग-अलग रूप निभाने का मौका मिल रहा है, जो उनके लिए काफी रोमांचक है। वह कहती हैं, “मुझे जो किरदार मिला है, वह बहुत खूबसूरत है। पहले युग में मैं शक्ति, दूसरे में सती और तीसरे में पार्वती का किरदार निभा रही हूं। एक ही नाटक में तीन किरदार निभाने का मौका मिलना बहुत अच्छी बात है और मैं इसे लेकर बेहद उत्साहित हूं। संदीप सोपारकर सर तीनों युगों में शिव की भूमिका निभा रहे हैं और नाटक को बहुत खूबसूरती से लिखा गया है।”
दिलचस्प बात यह है कि अश्मिता का इस नाटक से जुड़ना पहले से तय नहीं था। वह न तो निर्देशक को जानती थीं और न ही प्रोडक्शन हाउस या कलाकारों से उनकी कोई पहचान थी। ऐसे में वह इस मौके को किस्मत का नतीजा मानती हैं। उन्होंने कहा, “मैं कहूंगी कि यह किस्मत थी, क्योंकि मैं प्रोडक्शन हाउस, निर्देशक या कलाकारों में से किसी को नहीं जानती थी। जमील नाम के एक व्यक्ति हैं, जिनका डांस शूज का ब्रांड है। मैं और मेरा पार्टनर उनसे अपने डांस शूज बनवाते हैं। उन्होंने ही मुझे इस नाटक का ऑफर दिया था और वह संदीप सोपारकर सर को भी जानते हैं। इसलिए मुझे सच में लगता है कि किस्मत मुझे इस प्रोजेक्ट तक लेकर आई।”
चूंकि यह नाटक पौराणिक कहानी के साथ डांस का भी मेल है, इसलिए इसकी तैयारी में कलाकारों को काफी मेहनत करनी पड़ रही है। पूरी टीम भरतनाट्यम और कथक जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियां सीख रही है और नाटक के कई डांस सीक्वेंस पर काम कर रही है। अश्मिता बताती हैं, “यह एक डांस ड्रामा है, जिसमें लगभग सात से आठ डांस सीक्वेंस हैं। हम पिछले 18 से 20 दिनों से भरतनाट्यम और कथक की ट्रेनिंग ले रहे हैं। हमारे साथ शास्त्रीय नृत्य के अलग-अलग कोरियोग्राफर हैं, जो हमें इन नृत्य शैलियों की मुद्राएं और तकनीक सिखा रहे हैं। हम लगातार अभ्यास कर रहे हैं।”
अश्मिता संदीप सोपारकर के साथ काम करने को भी सीखने का एक बेहतरीन अनुभव मानती हैं। लैटिन बॉलरूम डांसिंग में अपनी पहचान बनाने वाले संदीप को इस नाटक के लिए शास्त्रीय नृत्य करते देख वह काफी प्रभावित हुईं। उन्होंने कहा, “एक परफॉर्मर के तौर पर वह कमाल के हैं। हम उन्हें पिछले 25 सालों से लैटिन बॉलरूम डांसिंग के एक्सपर्ट के रूप में जानते हैं, लेकिन उन्हें कथक और भरतनाट्यम करते देख मैं सच में हैरान रह गई। उनकी तैयारी बहुत शानदार है।”
पहली रीडिंग के दौरान का अनुभव याद करते हुए अश्मिता बताती हैं कि संदीप की तैयारी देखकर उन्हें खुद भी अपनी मेहनत बढ़ाने की प्रेरणा मिली। वह कहती हैं, “जब हम पहली बार स्क्रिप्ट की रीडिंग के लिए बैठे, तो उनकी सारी लाइनें तैयार थीं और उनकी हिंदी भी बिल्कुल सही थी। उन्हें देखकर मुझे लगा कि मैं अभी पीछे हूं। इसलिए अगले ही दिन से मैंने उनकी क्षमता और स्तर तक पहुंचने के लिए अपनी तैयारी तेज कर दी।”
तीन अलग-अलग किरदार, शास्त्रीय नृत्य की कड़ी ट्रेनिंग और संदीप सोपारकर जैसे अनुभवी कलाकार के साथ काम करने का मौका, शिव शक्ति: एक दिव्य प्रणय कथा अश्मिता बख्शी के अभिनय सफर में एक नया और खास अध्याय जोड़ने जा रहा है।
Scan & Donate >


