मुंबई। अभिनेत्री आराधना आर. शर्मा दिग्गज अभिनेत्री रेखा की अदाकारी, व्यक्तित्व और पर्दे पर उनकी खास मौजूदगी से काफी प्रभावित हैं। टेलीविजन, फिल्मों और डिजिटल मंच पर काम कर रहीं आराधना ने अपने अभिनय सफर में अलग-अलग तरह की भूमिकाएं निभाई हैं। वह ‘सुहागन चुड़ैल’, ‘मेरी सखी’, ‘हीरो गायब मोड ऑन’ और ‘रजनी 2.0’ जैसे धारावाहिकों के अलावा फिल्म ‘मडगांव एक्सप्रेस’ में भी नजर आ चुकी हैं। आराधना का कहना है कि रेखा उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिनसे उन्हें अभिनय की विविधता और खुद को खुलकर व्यक्त करने की प्रेरणा मिलती है।
रेखा के प्रति अपनी पसंद जाहिर करते हुए आराधना ने कहा कि वह सुष्मिता सेन, प्रियंका चोपड़ा और रेखा की अभिनय शैली की प्रशंसक हैं। रेखा के साक्षात्कार देखने के बाद वह उनके व्यक्तित्व को और बेहतर तरीके से समझ पाईं। उनके अनुसार, रेखा बेबाकी और ईमानदारी से अपनी बात रखती हैं। उनके व्यक्तित्व में एक चंचल और शरारती पक्ष भी है, जो उन्हें बेहद पसंद है। आराधना ने कहा कि रेखा खुद को प्रेम के प्रति बेहद भावुक मानती हैं और वह भी इस मामले में उनसे जुड़ाव महसूस करती हैं। रेखा का सहज, विनम्र और आत्मविश्वास से भरा अंदाज उन्हें खास बनाता है।
रेखा की फिल्मों में आराधना के दिल के सबसे करीब ‘खून भरी मांग’ है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में रेखा का अभिनय और उनके किरदार में आया बदलाव उनके लिए बेहद प्रभावशाली रहा। फिल्म में रेखा का किरदार शुरुआत में भोली-भाली और मासूम महिला के रूप में दिखाई देता है, लेकिन आगे चलकर उसके व्यक्तित्व में बड़ा परिवर्तन आता है। आराधना के मुताबिक, एक ही किरदार के अलग-अलग रंगों को इतनी प्रभावशाली तरीके से पर्दे पर उतारना रेखा की अभिनय क्षमता और बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है। उन्हें रेखा की फिल्म ‘सिलसिला’ भी पसंद है, लेकिन ‘खून भरी मांग’ का उनके दिल में अलग स्थान है।
आराधना रेखा की बेबाकी और अपनी शर्तों पर जिंदगी जीने के अंदाज की भी प्रशंसा करती हैं। उनका मानना है कि रेखा की पर्दे पर मौजूदगी बेहद अलग है और वह अपनी बात कहने से कभी पीछे नहीं हटतीं। यही स्पष्टवादिता उन्हें दूसरी अभिनेत्रियों से अलग पहचान देती है।
आराधना ने महानायक अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक शूटिंग के दौरान यशराज स्टूडियो में उन्हें अमिताभ बच्चन के पास खड़े होने और उनके बाल ठीक करते समय आईना पकड़ने का अवसर मिला। अमिताभ बच्चन की ऊर्जा देखकर वह इतनी प्रभावित हुईं कि शॉट के दौरान लगातार उन्हें ही देखती रहीं। इस पर निर्देशक ने उन्हें अपने काम पर ध्यान देने के लिए कहा। आराधना ने कहा कि वह लंबे समय से अमिताभ बच्चन के साथ काम करने की इच्छा रखती हैं और उम्मीद करती हैं कि भविष्य में उन्हें यह अवसर जरूर मिलेगा।
Scan & Donate >

