ट्रेंड्स को अपनाने से पहले यह समझना जरूरी है कि वे किसके लिए सही हैं: फ्लोरियन हुरेल- Manoranjan Metro

    दो दशकों से ज्यादा समय तक हेयर स्टाइलिंग के क्षेत्र में काम करने वाले सेलिब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट फ्लोरियन हुरेल का मानना है कि अनुभव के साथ किसी काम को देखने का नजरिया भी बदलता है। अपना लग्जरी सैलून और स्पा चेन चलाने वाले फ्लोरियन के लिए अब सैलून में सिर्फ हेयरकट या हेयर कलर का अच्छा होना ही मायने नहीं रखता, बल्कि वह यह भी देखते हैं कि पूरी सर्विस किस तरह दी जा रही है।

    वह कहते हैं, “मैं सबसे पहले सिर्फ हेयरकट या कलर पर ध्यान नहीं देता। मैं यह देखता हूं कि हेयर स्टाइलिस्ट, क्लाइंट और बालों के बीच तालमेल कैसा है।”

    वह इस बात पर भी गौर करते हैं कि स्टाइलिस्ट अपने क्लाइंट से किस तरह बात करता है और बालों को कैसे संभालता है। फ्लोरियन कहते हैं, “मैं देखता हूं कि कंसल्टेशन किस तरह किया जा रहा है, क्या स्टाइलिस्ट क्लाइंट की बात ध्यान से सुन रहा है, बाल किस तरह मूव करते हैं और जो सर्विस दी जा रही है, क्या वह उस व्यक्ति के लिए सही है।”

    उनके मुताबिक, अनुभव ने उन्हें किसी भी हेयरकट के नतीजे को लंबे समय के नजरिए से देखना सिखाया है। वह कहते हैं, “जब कोई क्लाइंट सैलून से बाहर निकलता है, तो उसका हेयरकट बहुत अच्छा दिख सकता है। लेकिन असली परीक्षा यह है कि बाल बढ़ने के बाद कैसे दिखते हैं, घर पर उन्हें संभालना कितना आसान है और क्या वह हेयरकट क्लाइंट की जीवनशैली के हिसाब से सही रहता है।”

    फ्लोरियन उन छोटी-छोटी बातों पर भी ध्यान देते हैं, जो तस्वीरों में नजर नहीं आतीं। वह कहते हैं, “मैं बालों की स्थिति, स्टाइलिस्ट उन्हें किस तरह संभालता है, छोटी-छोटी बातों पर कितना ध्यान दिया जाता है और क्लाइंट कितना सहज महसूस करता है, इन सभी चीजों को देखता हूं। ये बातें तस्वीर में तुरंत नजर नहीं आतीं, लेकिन काम की गुणवत्ता के बारे में बहुत कुछ बताती हैं।”

    उनका मानना है कि एक अच्छा हेयर स्टाइलिस्ट बनने के लिए सिर्फ तकनीकी कौशल होना काफी नहीं है। फ्लोरियन कहते हैं, “समय के साथ आपको समझ आता है कि तकनीकी कौशल जरूरी है, लेकिन सही फैसला लेने की समझ ही उस कौशल को असल मायने में मूल्यवान बनाती है।”

    वह यह भी मानते हैं कि अनुभव कभी-कभी किसी की कमजोरी बन सकता है, अगर वह अपने पुराने तरीकों पर ही निर्भर रहने लगे। वह कहते हैं, “मेरे हिसाब से अनुभव के साथ सबसे बड़ा खतरा अपने हुनर को खोना नहीं, बल्कि उन तरीकों के साथ बहुत सहज हो जाना है जो पहले काम कर चुके हैं। जब आप सालों तक कोई काम करते हैं, तो आपकी अपनी समझ और सहज प्रवृत्ति विकसित हो जाती है, जो काफी काम आती है। लेकिन अगर आप उन पर सवाल उठाए बिना निर्भर रहने लगते हैं, तो अलग-अलग क्लाइंट्स को भी एक ही तरह के जवाब देने लगते हैं।”

    इससे बचने के लिए फ्लोरियन खुद को नई चीजें सीखने के लिए तैयार रखते हैं, लेकिन हर नए ट्रेंड को आंख बंद करके अपनाने में विश्वास नहीं करते। वह कहते हैं, “मैं हमेशा नई चीजों को समझने की कोशिश करता हूं। मैं फैशन, फोटोग्राफी, संस्कृति और लोगों के अपनी पहचान को व्यक्त करने के तरीकों में होने वाले बदलावों को देखता हूं। मैं यह समझना चाहता हूं कि कोई चीज क्यों काम करती है, किन लोगों पर अच्छी लगती है और क्या उसमें नया होने के अलावा भी कोई असली खासियत है।”

    Scan & Donate > 


     

    Previous Post Next Post